सरगुजा के 17 गांव आज भी अंधेरे में: टीएस सिंहदेव का सरकार पर बड़ा हमला

अंबिकापुर। कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव ने सरगुजा संभाग में बिजली की स्थिति को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया है कि बिहारपुर क्षेत्र की 17 से अधिक ग्राम पंचायतों में आज भी बिजली नहीं पहुंची है, जिससे ग्रामीणों को लालटेन की रोशनी में जीवन बिताने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
टीएस सिंहदेव ने कहा कि इन गांवों के बच्चे आज भी लालटेन जलाकर पढ़ाई करते हैं, बुजुर्ग रोशनी के इंतजार में रहते हैं और पूरे परिवार अंधेरे में रात काटते हैं। उन्होंने इसे बेहद चिंताजनक और शर्मनाक स्थिति बताया।
उन्होंने आगे कहा कि बिजली जैसी बुनियादी सुविधा के लिए ग्रामीणों का सड़कों पर उतरना सरकार की असंवेदनशीलता और विफलता का सबसे बड़ा सबूत है। सिंहदेव ने सवाल उठाया कि जब लोग अपने मूल अधिकारों से वंचित हैं, तब सरकार दो साल के “सुशासन” का जश्न किसके लिए मना रही है।
कांग्रेस नेता ने साफ कहा कि यह सिर्फ बिजली की कमी का मामला नहीं है, बल्कि यह ग्रामीणों के सम्मान, सुरक्षा और मानवीय गरिमा से जुड़ा हुआ सवाल है।





