प्रयागराज में दर्दनाक हादसा: तेज़ रफ्तार कार ने फ्लाईओवर के नीचे सो रहे लोगों को कुचला, महिला की मौत

प्रयागराज:उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में शुक्रवार देर रात एक भयानक सड़क हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। इलाहाबाद हाईकोर्ट के पास फ्लाईओवर के नीचे सो रहे गरीब तबके के लोगों को एक तेज़ रफ्तार वैगनआर कार ने कुचल दिया। इस हादसे में एक 65 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने कार में आग लगा दी।

घटना प्रयागराज के आंबेडकर चौराहा फ्लाईओवर के नीचे की है। मृतका की पहचान मांडा क्षेत्र के किनौरा गांव की रहने वाली चमेली देवी के रूप में हुई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुईं गुलाब देवी और श्रीदेवी को तत्काल स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा तीन अन्य को मामूली चोटें आई हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की स्पीड इतनी अधिक थी कि ड्राइवर को ब्रेक लगाने तक का मौका नहीं मिला। कार बेकाबू होकर फुटपाथ पर चढ़ गई और वहां लेटे लोगों को रौंदती चली गई। हादसे के बाद चालक कार मौके पर छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने गाड़ी में तोड़फोड़ कर उसे आग के हवाले कर दिया।

घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया और क्षतिग्रस्त वाहन को हटाया। एसीपी सिविल लाइंस ने बताया कि कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और चालक की तलाश के लिए दो विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि रात के समय इस क्षेत्र में तेज रफ्तार गाड़ियों का चलना आम बात है, लेकिन प्रशासन ने कोई ठोस इंतजाम नहीं किया है। हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button