बिलासपुर:स्मार्ट सिटी में लगा ट्रैफिक सिग्नल बंद, अधिकारी बेखबर

बिलासपुर। न्यायधानी में वर्तमान समय में स्मार्ट सिटी योजना के तहत करोड़ों रुपयों के विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इसी योजना के अंतर्गत नेहरू नगर से नर्मदा नगर को जोड़ने वाली स्मार्ट सिटी रोड पर ट्रैफिक सिग्नल लगाया गया था, लेकिन प्रशासन की उदासीनता के कारण यह कई महीनों से बंद पड़ा हुआ है।
उच्च अधिकारी अंजान
ट्रैफिक पुलिस के उच्च अधिकारी इस समस्या से अंजान बने हुए हैं। स्थिति यह है कि इसी क्षेत्र में कुछ ही दूरी पर एक और ट्रैफिक सिग्नल लगाने के लिए खंभा तो लगा दिया गया है, लेकिन वहां सिग्नल नहीं लगाया गया। इस चौराहे पर चारों ओर से वाहनों का दबाव बना रहता है, जिससे आए दिन दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। इसके बावजूद न तो ट्रैफिक पुलिस के जवानों की तैनाती की गई है और न ही ट्रैफिक सिग्नल को चालू किया गया है।
क्षेत्रवासियों की मांग
क्षेत्रवासियों का कहना है कि नेहरू नगर से नर्मदा नगर को जोड़ने वाली इस सड़क पर लगे ट्रैफिक सिग्नल को तत्काल शुरू किया जाए। इसके अलावा, वहां स्टॉपर लगाकर अस्थायी चौक बनाया जाए और दोनों ट्रैफिक सिग्नलों पर ट्रैफिक पुलिस के जवानों की तैनाती की जाए। इससे ट्रैफिक सुचारू रूप से संचालित हो सकेगा और आम जनता को असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।
प्रशासन की चुप्पी पर सवाल
इस मामले में स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि जब स्मार्ट सिटी योजना के तहत करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं, तो फिर इस तरह की अनदेखी क्यों की जा रही है? यदि जल्द ही ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो क्षेत्रवासियों को विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।





