ठगों ने मोबाइल हैक कर राजनांदगांव के शख्‍स के साथ किया बड़ा साइबर फ्रॉड?

राजनांदगांव। मोबाइल फोन हैक कर नौ लाख 90 हजार दस रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले बिहार के दो आरोपियों को अंबागढ़ चौकी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ठगी के दोनों आरोपी बिपिन दास पिता मुकेश दास 19 वर्षीय और संदीप कुमार दास पिता स्व. फुलेश्वर दास 21 वर्षीय बिहार के जमुई जिले के चंद्रमंडी थाना क्षेत्र ग्राम रांगाटाड के निवासी है।

चौकी पुलिस ने चंद्रमंडी पुलिस की मदद से ग्राम रांगाटाड में रेड कार्रवाई कर दोनों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से पुलिस ने चार मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी अपने गिरोह के साथियों के साथ झारखंड व बिहार से लगे बार्डर पर सक्रिय रहकर साइबर ठगी करते थे।

इस तरह करते थे ठगी

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वो पहले लोगों के मोबाइल पर लिंक भेजते थे। मोबाइल धारकों के द्वारा लिंक को खोलने पर आरोपी मोबाइल हैक कर सभी ओटीपी अपने मोबाइल से डालकर साइबर ठगी करते थे। इसी तरह चौकी के वार्ड 15 गुप्ता चौक निवासी प्रार्थी दिलीप कुमार गुप्ता के मोबाइल फोन को हैक कर आरोपियों ने अलग-अलग मोबाइल नंबर से नौ लाख 90 हजार दस रुपये की ठगी की। घटना बीते 14 अक्टूबर की है, जिसकी शिकायत के बाद पुलिस मामले की विवेचना कर रही थी।

नंबर ट्रेस होते ही बिहार पहुंची पुलिस

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक राजीव तिवारी व चौकी थाना प्रभारी निरीक्षक संजय यादव ने बताया कि टीम बनाकर आरोपियों के मोबाइल नंबर की पता तलाश की जा रही थी। इस दौरान आरोपियों के नंबर ट्रेस होने के बाद पुलिस की टीम बिहार के चंद्रमंडी थाना पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से ग्राम रांगाटाड में रेड कार्रवाई कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
आरोपियों ने बताया कि वो अपने सहयोगी रविदास के साथ मिलकर प्रार्थी के मोबाइल को हैक करके उसके खाते से ऑनलाइन के माध्यम से ठगी की है। सभी अपने सहयोगियों के साथ बिहार से लगे झारखंड बार्डर पर सक्रिय रहकर ठगी करते थे।
Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button