सोशल मीडिया पर महिलाओं को महंगे गिफ्ट का झांसा देकर ठगी, तीन विदेशी गिरफ्तार

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए भारतीय महिलाओं से दोस्ती कर उन्हें महंगे गिफ्ट का लालच देकर ठगी करने वाले तीन विदेशी आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में दो नाइजीरिया मूल के  किंग्सले जोसेफ और जॉर्ज चुक्कचुमेका तथा एक दक्षिण अफ्रीका मूल का स्टीफन उर्फ लक्की शामिल है।

एसपी मोहित गर्ग ने बताया कि आरोपी फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर खुद को विदेश में रहने वाला अमीर व्यक्ति बताते थे। इसी तरह उन्होंने चिचोला की एक महिला से दोस्ती की और विदेश से महंगे गिफ्ट भेजने का वादा किया। इसके बाद दिल्ली के कस्टम विभाग में गिफ्ट पकड़े जाने और छुड़ाने के लिए रकम की जरूरत होने की कहानी गढ़ी। महिला से विभिन्न नंबरों के जरिए 1 लाख 23 हजार 700 रुपये यूपीआई से मंगवा लिए।

शिकायत मिलने पर पुलिस ने साइबर टीम की मदद से मोबाइल नंबर, बैंक खाते और कॉल डंप का विश्लेषण कर आरोपियों तक पहुंच बनाई। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने 2 लैपटॉप, 14 स्मार्टफोन, 6 कीपैड फोन, 5 एटीएम कार्ड और 32 सिम कार्ड बरामद किए।

जांच में सामने आया कि आरोपी इस समय 25 भारतीय महिलाओं से संपर्क में थे और कई से इसी तरह की ठगी कर चुके हैं। पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क में और भी लोग शामिल हैं, जिनकी गिरफ्तारी जल्द हो सकती है। कुछ समय पहले भी इसी तरह के मामले में एक नाइजीरियाई नागरिक को पकड़ा गया था। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों से दोस्ती और गिफ्ट के लालच में आने से बचें, ताकि ऐसे साइबर अपराधों से खुद को सुरक्षित रखा जा सके।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button