घर में मिले एक ही परिवार के तीन शव, 6 माह का बच्चा और बुजुर्ग महिला सुरक्षित

प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के लीलापुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सगरा सुंदरपुर बाजार स्थित एक मकान में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों में मकान मालिक, उसकी पत्नी और मां शामिल हैं। वहीं, घर में मौजूद छह माह का मासूम बच्चा और एक बुजुर्ग महिला सुरक्षित पाए गए हैं।
पुलिस को सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में जहर खाकर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मृतकों की पहचान दुकानदार पति-पत्नी और उनकी मां के रूप में हुई है। तीनों के शव एक ही कमरे के बेड पर पड़े मिले। स्थानीय लोगों के अनुसार, मंगलवार रात को पूरा परिवार साथ में खाना खाकर सोया था। सुबह जब दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों को शक हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और तीनों शव बरामद किए।
बचाई गई बुजुर्ग महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है, जिससे पूछताछ में भी दिक्कतें आ रही हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है। क्या यह सामूहिक आत्महत्या है या किसी और साजिश का हिस्सा, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा। ग्रामीणों और रिश्तेदारों में इस घटना के बाद गहरा शोक व्याप्त है।





