बिलासपुर सेंट्रल जेल से भेजा गया धमकी भरा पत्र, मुंबई के जज को दी गई धमकी

बिलासपुर: एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। मुंबई की सफेमा कोर्ट के जज को धमकी भरा पत्र भेजा गया है। यह पत्र NDPS एक्ट के तहत गिरफ्तार आरोपी संजीव कुमार छाबड़ा उर्फ सुच्चा सिंह के नाम से भेजा गया है, जो फिलहाल बिलासपुर सेंट्रल जेल में बंद है।

पत्र में जज से कार्रवाई रोकने की मांग की गई है और इसके बदले पैसे देने की बात कही गई है। जैसे ही यह पत्र सामने आया, पुलिस और जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय (PHQ) ने बिलासपुर पुलिस को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। अब सिविल लाइन थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सुच्चा सिंह पर गांजा और अन्य नशे की चीज़ों की तस्करी का आरोप है। उसकी करीब 4 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है। संपत्ति जब्ती के बाद ही यह धमकी भरा पत्र सामने आया है।

पुलिस अब यह जांच कर रही है कि यह पत्र वाकई सुच्चा सिंह ने भेजा है या किसी और ने उसके नाम का इस्तेमाल किया है। साथ ही, आरोपी से पूछताछ भी शुरू कर दी गई है।

गौर करने वाली बात यह है कि यह पहला मौका नहीं है जब बिलासपुर सेंट्रल जेल से इस तरह के धमकी भरे पत्र भेजे गए हैं। इससे जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button