श्रीमद भागवत कथा में चोरों ने किया धावा, पांच महिलाएं ठगी का शिकार

सरगुजा जिले के लखनपुर में चल रहे श्रीमद भागवत कथा स्थल पर पांच महिलाएं चैन स्नेचिंग का शिकार हो गईं। उनके गले से सोने की चेन व मंगलसूत्र पार कर दिया गया। महिलाओं को चैन स्नेचिंग का पता कथा समाप्त होने के बाद चल सका। लखनपुर पुलिस सीसी कैमरों के माध्यम से आरोपितों की पहचान सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है। शातिर महिलाओं द्वारा ही घटना कारित किए जाने की संभावना है।

नगर पंचायत लखनपुर के वार्ड क्रमांक छह स्थित स्वयं-भू शिव मंदिर परिसर में श्रीमद भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। यहां विवेक जी महाराज द्वारा हर दिन दोपहर से शाम तक कथा वाचन किया जाता है। लखनपुर शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण करने पहुंच रहे हैं।

शुक्रवार को भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु भागवत कथा में शामिल हुए थे। कथा खत्म होने के बाद अचानक महिलाओं के बीच अफरातफरी मच गई क्योंकि पांच महिलाओं के गले से सोने की चेन व मंगलसूत्र पार कर दिया गया था। गले से चेन व मंगलसूत्र गायब होने से एक महिला कथा स्थल पर ही बेसुध हो गई थी। लखनपुर निवासी निर्मला वर्मा , प्रेमनगर की परमेश्वरी साहू,झिनपुरीपारा लखनपुर की खूशबू साहू तथा जूना लखनपुर निवासी किरण अग्रवाल व संतोष देवी अग्रवाल के गले से चैन व मंगलसूत्र गायब किया गया है।चैन स्नेचिंग की सूचना पर लखनपुर पुलिस ने जांच शुरु कर दी है। उन महिलाओं से बातचीत की गई जिनके चैन व मंगलसूत्र चोरी कर लिए गए थे।कथा स्थल पर लगे सीसी कैमरों के फुटेज देखे जा रहे हैं। संदिग्धों की पहचान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। श्रद्धालुओं से भी जेवरात पहनकर भीड़ भाड़ में नहीं जाने आग्रह किया गया है। बताते चले की मंदिरों, धार्मिक आयोजनों के अलावा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर ऐसी घटनाएं पहले भी हो चुकी है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button