भिलाई-3 में घर की अलमारी से चोरी, भतीजे और उसके दोस्त ने दिया वारदात को अंजाम

दुर्ग। भिलाई-3 की शिक्षक नगर कॉलोनी में एक घर में हुई चोरी की घटना ने सभी को चौंका दिया है। खास बात यह रही कि चोरी किसी बाहर वाले ने नहीं, बल्कि घर के ही नाबालिग भतीजे और उसके दोस्त ने की थी। चोरी के बाद सोने के बिस्किट को दोस्त ने अपने ही पिता की दुकान में गिरवी रख दिया।

घटना 14 अप्रैल 2025 की है। राधिका हरदेल (41), निवासी शिक्षक कॉलोनी, भिलाई-3 ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उनके घर की आलमारी से करीब 7.85 लाख रुपए के सोने-चांदी के गहने चोरी हो गए हैं।

मामला गंभीर होने पर दुर्ग एसपी जितेंद्र शुक्ला ने छावनी सीएसपी हरीश पाटिल के नेतृत्व में एक टीम बनाई। जांच के दौरान पुलिस को शक घर के ही सदस्य पर हुआ। राधिका के देवर के बेटे और उसके दोस्त को जब पूछताछ के लिए बुलाया गया तो उन्होंने चोरी की बात कबूल कर ली।

पुलिस की पूछताछ में पता चला कि भतीजे ने आलमारी से जेवर निकाले और सोने का बिस्किट अपने दोस्त को दे दिया। दोस्त ने उस बिस्किट को अपने पिता संतोष दुलानी की दुकान में गिरवी रख दिया। बिस्किट करीब 15 ग्राम का था, जिसे 1 लाख 40 हजार रुपए में गिरवी रखकर 1 लाख 30 हजार रुपए ले लिए गए।

पुलिस ने नाबालिगों को संरक्षण में लिया है और चोरी का सामान गिरवी लेने वाले दुकानदार संतोष दुलानी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और बाकी जेवर की तलाश जारी है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button