Theft: हनुमान प्रकटोत्सव की भीड़ में चोरों की ‘चांदी’: श्रद्धालुओं की आस्था पर भारी पड़ी बदमाशों की नीयत…..
महिला का हार, फालूदा संचालक की पत्नी का लॉकेट और मोबाइल पार....

बिलासपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत हनुमान जयंती के पावन अवसर पर (Theft) उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ का फायदा उठाकर शातिर चोरों ने जमकर उत्पात मचाया और तीन अलग-अलग वारदातों को अंजाम देकर पुलिस सुरक्षा के दावों की पोल खोल दी। पहली घटना मनोहर टॉकीज के पास स्थित हनुमान मंदिर की है, जहाँ गोपालपुर निवासी उषा खरे अपनी मासूम बच्ची और पति के साथ दर्शन के लिए कतार में खड़ी थीं; इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाशों ने उनके गले से करीब 20-25 हजार रुपये मूल्य का सोने का हार पार कर दिया।
सिटी कोतवाली क्षेत्र में तीन बड़ी वारदातें (Theft)
पीड़ित महिला ने बहादुरी दिखाते हुए दो संदिग्धों को पकड़कर पुलिस के हवाले भी किया, लेकिन अपना कीमती गहना खोने के गम में वह थाने में बिलखती नजर आईं। चोरी का दूसरा मामला गोलबाजार चौक के पास सामने आया, जहाँ जूना बिलासपुर कतियापारा निवासी सुनील सारथी उत्सव का माहौल देखने निकले थे, तभी घात लगाए लुटेरों ने उनके जेब से मोबाइल सेट उड़ा लिया और रफूचक्कर हो गए।
वहीं, तीसरी वारदात सदर बाजार में घटित हुई, जहाँ एक फालूदा दुकान संचालक की पत्नी सड़क किनारे खड़ी थी और लुटेरे उनके गले से सोने का लॉकेट झपटकर फरार हो गए। इन वारदातों ने त्यौहार के हर्षोल्लास के बीच सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं पीड़ितों की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुट गई है…….





