Collector’s press conference: नए कलेक्टर ने की प्रेसमीट, समस्याओं के समाधान का किया वादा

Collector’s press conference: बिलासपुर। बिलासपुर जिले के नवपदस्थ कलेक्टर संजय अग्रवाल ने मंथन सभाकक्ष में पत्रकारों से मुलाकात की। इस दौरान शहर और जिले की प्रमुख समस्याओं पर पत्रकारों ने सवाल उठाए और त्वरित समाधान की मांग की। कलेक्टर अग्रवाल ने इन विषयों पर स्पष्ट रुख और समाधान करने का विश्वास जताया।
कलेक्टर ने कहा कि शहर की पुरानी बसाहट में अब अधिक निर्माण कार्य संभव नहीं है। उन्होंने जल संकट को लेकर उन्होंने कहा कि इसके समाधान के लिए एक बड़े आंदोलन की आवश्यकता है। उन्होंने शहर, वार्ड और जिले में जल चयन और संरक्षण को प्राथमिकता देने की बात कही। वाटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा देने और लोगों को इसके लिए प्रेरित करने की योजना पर काम किया जाएगा।
आवारा मवेशियों की समस्या को भी उन्होंने गंभीरता से लिया और इसके समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देश देने की बात कही। कलेक्टर ने चिंता जताई कि पेड़ लगाए तो जाते हैं लेकिन वे टिक नहीं पाते। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि जितने पेड़ लगाए जाएं, उन्हें बचाया भी जाए। इसके लिए स्थानीय निकायों और आम जनता को मिलकर कार्य करना होगा।
इस सौजन्य भेंट के दौरान कलेक्टर ने पत्रकारों से नियमित संवाद बनाए रखने का आग्रह किया ताकि जनहित के मुद्दों को समय पर उठाया और हल किया जा सके। उनकी स्पष्टवादिता और त्वरित कार्यशैली ने प्रशासनिक सजगता की झलक दी, जिससे आम जनता को भी समाधान की उम्मीदें बंधी हैं।





