दिवाली से पहले फिर गरमाया संविदा कर्मचारियों का मुद्दा, बिजली विभाग के कर्मी आज करेंगे मुख्यालय घेराव

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दिवाली से पहले एक बार फिर संविदा कर्मचारियों का नियमितीकरण मुद्दा सुर्खियों में है। इस बार बिजली विभाग के संविदा कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतर आए हैं। कर्मचारियों ने आज रायपुर स्थित बिजली मुख्यालय का घेराव करने की घोषणा की है।
संविदा कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो वे 18 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू करेंगे।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगे हैं –
सभी संविदा कर्मचारियों का नियमितीकरण किया जाए।
दुर्घटना या सामान्य मृत्यु की स्थिति में 25 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए।
परिजनों को अनुकंपा नियुक्ति दी जाए।
संविदा कर्मचारियों को महंगाई भत्ता (DA) और मकान भत्ता (HRA) का लाभ मिले।
अवकाश के दौरान ड्यूटी करने पर अतिरिक्त भुगतान किया जाए।
बता दें, इससे पहले एनएचएम (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन) के कर्मचारी भी अपनी मांगों को लेकर करीब एक महीने तक हड़ताल पर रहे थे। उस दौरान स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई थीं। बाद में सरकार ने उनकी कुछ मांगें मानने का आश्वासन दिया था, जिसके बाद वे काम पर लौट आए थे।
अब बिजली विभाग के संविदा कर्मचारियों की हड़ताल से बिजली व्यवस्था पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।





