CCPL: छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग का महासंग्राम 3 जून से, 6 टीमों के बीच होगा महामुकाबला

CCPL: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ द्वारा 3 जून से छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) सीजन 2 का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में राज्यभर की 6 प्रमुख टीमें हिस्सा लेंगी, जो एक-दूसरे के खिलाफ रोमांचक मुकाबले खेलेंगी। इस लीग का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ के उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों को एक मजबूत मंच प्रदान करना है, जिससे वे आईपीएल जैसे राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट में अपना हुनर दिखा सकें।
क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि लीग के जरिए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान की जाएगी और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। गौरतलब है कि हाल ही में छत्तीसगढ़ के 7 खिलाड़ियों ने आईपीएल ऑक्शन में भाग लिया, जबकि राज्य के शशांक सिंह पंजाब किंग्स की टीम का हिस्सा हैं। वहीं दुर्ग जिले से भी एक खिलाड़ी आईपीएल में चुना गया है।
बिलासपुर बुल्स टीम के कोच और पदाधिकारियों ने गुरुवार को आयोजित एक कार्यक्रम में बताया कि यह प्रतियोगिता न केवल खिलाड़ियों को एक बड़ा मंच देगी, बल्कि उनके खेल में भी निखार लाएगी। क्रिकेट से जुड़े लोगों का मानना है कि यह पहल राज्य के युवाओं को खेल की दिशा में प्रेरित करने के साथ-साथ उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगी।





