मस्तूरी:बैंड-डीजे की तेज ध्वनि से मकान का छज्जा गिरा, पांच घायल, एक की मौत

मस्तूरी। मस्तूरी थाना क्षेत्र के मल्हार के केंवटपारा में रविवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। नववर्ष के अवसर पर निकाली जा रही शोभायात्रा के दौरान डीजे की तेज ध्वनि और कंपन के कारण एक मकान का छज्जा भरभरा कर गिर पड़ा। इस दुर्घटना में पांच लोग घायल हो गए, जबकि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, यह घटना रात करीब 8:30 बजे घटी, जब शोभायात्रा केंवटपारा पहुंची। इसी दौरान टुकेश केंवट के मकान का पुराना और कमजोर छज्जा अचानक गिर गया। हादसे के समय वहां कई लोग खड़े थे, जो मलबे की चपेट में आ गए। घायलों में चार बच्चे शामिल हैं, जिनकी पहचान राजेश्वर केंवट, दीपक केंवट, दीपेश केंवट और हेमंत कैवर्त के रूप में हुई है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही मस्तूरी थाना प्रभारी हरीश टांडेकर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की। वहीं, मल्हार चौकी पुलिस ने डीजे संचालक की तलाश शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मकान का छज्जा पहले से ही जर्जर हालत में था, जो डीजे की तेज ध्वनि और कंपन को सहन नहीं कर सका और गिर पड़ा। प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और दोषियों पर कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।
इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि शोभायात्राओं में तेज आवाज वाले डीजे पर नियंत्रण लगाया जाए, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।





