THAGI: बैंक कर्मियों पर बुजुर्ग ने लगाया 17 लाख रुपए ठगने का आरोप

अजमेर। अजमेर में एक रिटायर्ड बुजुर्ग ने पंजाब नेशनल बैंक के कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बुजुर्ग ने कहा कि बैंक कर्मचारियों ने बिना उसकी अनुमति के चेक बुक जारी कर उसके अकाउंट से 17 लाख रुपये की राशि अवैध तरीके से विड्रॉल की। इस मामले में पीड़ित ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
लोहागल निवासी कैलाश चंद कुमावत ने पुलिस को बताया कि उनकी पेंशन पंजाब नेशनल बैंक के कचहरी रोड शाखा के संयुक्त खाते में जमा होती है। इस खाते में उनकी पत्नी बीना देवी कुमावत भी संयुक्त खाताधारक हैं। उनके खाते में कुल 21 लाख रुपये से ज्यादा की राशि जमा थी, लेकिन जब उन्होंने बैंक से कुछ पैसे निकाले और पासबुक में एंट्री करवाई तो देखा कि 17 लाख रुपये दो चेकों के माध्यम से निकाल लिए गए थे।
चेक बुक और रिकॉर्ड की मांग पर बैंक ने किया मना
कैलाश चंद कुमावत का कहना है कि उन्होंने कभी भी यह 17 लाख रुपये नहीं निकाले थे और न ही उन्हें उन चेक बुक्स की जानकारी थी, जिनसे ये पैसे निकाले गए। जब उन्होंने बैंक से रिकॉर्ड दिखाने की मांग की तो बैंक कर्मियों ने इसे देने से मना कर दिया। बुजुर्ग का आरोप है कि बैंक कर्मचारियों की मिलीभगत से यह ठगी हुई है। कोतवाली थाना पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब बैंक के रिकॉर्ड और कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है।





