अमेरिका में टेस्ला साइबरट्रक में हुआ विस्फोट, 1 की मौत, 7 घायल

लास वेगास। नए साल के जश्न के बीच अमेरिका के लास वेगास में ट्रंप इंटरनेशनल होटल के बाहर बुधवार (1 जनवरी) को एक टेस्ला साइबरट्रक में विस्फोट हुआ। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 7 लोग घायल हो गए। पुलिस मामले में जांच कर रही है। इस घटना को आतंकी हमले से जोड़कर भी जारी है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है।
पुलिस ने बताया कि ट्रक को कोलोराडो से किराए पर लाया गया था। इसे होटल तक पहुंचाया गया। ट्रक में गैसोलीन के डिब्बे और पटाखे मिले। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वाहन अचानक रुका और विस्फोट हो गया। लास वेगास पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और बताया है कि लोगों के लिए अब कोई खतरा नहीं है। शेरिफ केविन मैकमैहिल ने पुष्टि की कि साइबरट्रक को पीयर-टू-पीयर रेंटल कंपनी टुरो के माध्यम से किराए पर लिया गया था।
एलन मस्क ने जारी किया बयान
टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनकी टीम जांच में जुटी है। उन्होंने टेलीमेट्री डाटा का हवाला देते हुए स्पष्ट किया कि साइबरट्रक सामान्य रूप से काम कर रहा था। मस्क ने बताया कि विस्फोट का कारण ट्रक में रखे गए बड़े पटाखे और संभवतः बम थे, न कि वाहन में कोई तकनीकी खराबी।





