चार दिन में और बढ़ेगा पारा, राजनांदगांव में तापमान 35 डिग्री पार

छत्तीसगढ़ में गर्मी ने दस्तक दे दी है और आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। हालांकि न्यूनतम तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।

पिछले तीन दिनों में दिन के तापमान में 3 से 4 डिग्री तक इजाफा दर्ज किया गया है। बीते 24 घंटों में प्रदेश में कहीं भी वर्षा की गतिविधि नहीं हुई। राजनांदगांव सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

राजधानी रायपुर में आसमान साफ रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। दिन में गर्मी का असर बढ़ेगा, जबकि सुबह और देर रात हल्की ठंड बनी रह सकती है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार फरवरी माह में सामान्यत: आसमान साफ रहता है और हवाएं हल्की चलती हैं। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कभी-कभी बादल छाने, गरज-चमक और हल्की बारिश की स्थिति बन सकती है। कुछ मौकों पर आंधी, ओलावृष्टि और तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

रायपुर में फरवरी महीने में तापमान के कई रिकॉर्ड दर्ज हैं। 9 फरवरी 1893 को यहां न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था, जबकि 28 फरवरी 2009 को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

बदलते मौसम का असर स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। हाल के दिनों में ठंड के कारण हाइपोथर्मिया के कई मामले सामने आए थे। विशेषज्ञों के अनुसार छोटे बच्चों और नवजातों में ठंड का प्रभाव अधिक पड़ता है, क्योंकि उनका शरीर वयस्कों की तुलना में जल्दी ठंडा हो जाता है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने मौसम परिवर्तन के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। संतुलित आहार, विटामिन-सी युक्त फल, अदरक-तुलसी का सेवन और बदलते तापमान के अनुसार कपड़ों का चयन करने की सलाह दी गई है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई