Surprise Inspection: 14 में सिर्फ 4 कर्मचारी मिले ड्यूटी पर…
औचक निरीक्षण में बड़ा खुलासा

जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए (Surprise Inspection) मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शुभा गढ़ेवाल ने मंगलवार को सख्त रुख अपनाया। उन्होंने जिला मलेरिया कार्यालय और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सागर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य अमले की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान जिला मलेरिया कार्यालय में बड़ी लापरवाही सामने आई। यहां पदस्थ 14 कर्मचारियों में से केवल 4 ही ड्यूटी पर मौजूद मिले, जबकि बाकी कर्मचारी बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए।
सीएमएचओ की सख्ती से हिली स्वास्थ्य व्यवस्था, मलेरिया कार्यालय में लापरवाही उजागर
इस गंभीर लापरवाही पर सीएमएचओ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए अनुपस्थित कर्मचारियों को नोटिस जारी किया और स्पष्टीकरण मांगा। साथ ही सभी कर्मचारियों को समय पर कार्यालय आने और आधार बेस्ड अटेंडेंस सिस्टम के जरिए ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने के सख्त निर्देश दिए गए। इसके बाद सीएमएचओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सागर का निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि गर्भवती महिलाओं को 20 से 25 किलोमीटर दूर जिला अस्पताल या सिम्स भेजने की स्थिति नहीं बननी चाहिए।
सीएमएचओ ने,गैरहाजिर कर्मचारियों को दिया नोटिस….
सभी स्वास्थ्य केंद्रों में 24 घंटे प्रसूति सेवा सुनिश्चित कर सुरक्षित और समय पर डिलीवरी कराई जाए। समीक्षा बैठक में एनसीडी स्क्रीनिंग, आयुष्मान कार्ड, वय वंदन कार्ड और टीबी जांच कार्यों को समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया गया। सीएमएचओ का कहना है कि ऑनलाइन उपस्थिति और नियमित निगरानी से ही स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और गुणवत्ता लाई जा सकती है।





