सूरजपुर: एसएसपी ने चौकी लटोरी का औचक निरीक्षण किया, लंबित मामलों पर जताई नाराजगी

सूरजपुर : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने मंगलवार, 05 नवम्बर की रात अचानक चौकी लटोरी पहुंच औचक निरीक्षण किया। एसएसपी के अनाचक पहुंचने पर वहां मौजूद पुलिस अधिकारी व जवान चौक गए। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों की गणना भी कराई और रात्रि के वक्त अधिक संख्या में जवानों की मौजूदगी बनाए रखने के निर्देश दिए।

रात्रि काल में अचानक पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने लंबित मामलों की समीक्षा पर कमियां पाए जाने पर प्रभारियों सहित विवेचकों को कड़ी फटकार लगाई और जल्द कमियों को पूरा कर निराकरण करने के निर्देश देते हुए मालखाना, हवालात, कंप्यूटर कक्ष, रिकॉर्ड आदि का निरीक्षण कर चौकी प्रभारी को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। फरियादी के चौकी आने पर उसे बड़े आत्मीयता से बैठाकर उनकी समस्या सुने और निराकरण करने एवं रात्रि गश्त को और पुख्ता बनाने एवं गुण्डे व बदमाश प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

अच्छा कार्य स्वतः ही आमजन के बीच पहुंचेगा।

एसएसपी सूरजपुर ने कहा कि जब हम अच्छा काम करेंगे तो वह स्वतः ही आमजन के बीच आएगा। उन्होंने कहा संवेदनशील मामलों का जल्द निपटारा हो। क्योंकि अगर ऐसे मामलों में देरी होती है तो अपराधियों का मनोबल बढ़ता है। उन्होंने थानों में दर्ज विभिन्न प्रकरणों की समीक्षा की तथा संबंधित बीट प्रभारी से स्थिति की जानकारी भी ली। लंबित मामलों के निराकरण में धीमी गति पर प्रभारियों के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए सख्त निर्देश दिए कि मामलों को अनावश्यक लंबित न रखा जाए, अपराध पंजीबद्ध होने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी करते हुए विवेचना जल्द पूर्ण कर चालान माननीय न्यायालय में पेश किए जाए।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button