अवैध कबाड़ पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, 110 किलो लोहे का कबाड़ जब्त

बिलासपुर: सिटी कोतवाली पुलिस ने अवैध कबाड़ के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 110 किलो लोहे का कबाड़ जब्त किया है। आरोपी नानू गोंड को पुराना बस स्टैंड इलाके से गिरफ्तार किया गया है। वह बिना किसी लाइसेंस और वैध दस्तावेजों के कबाड़ जमा कर रहा था।
पुलिस को इस बारे में मुखबिर से सूचना मिली थी, जिसके बाद तुरंत मौके पर रेड की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी कबाड़ से जुड़ा कोई भी बिल या लाइसेंस नहीं दिखा पाया। पुलिस ने उसके पास से लोहे की रॉड, एंगल और कूलर की बॉडी समेत कुल 110 किलो कबाड़ जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 2000 रुपये आंकी गई है।
आरोपी के खिलाफ बीएनएसएस और बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। इस कार्रवाई के बाद शहर के अन्य अवैध कबाड़ कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने साफ किया है कि ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।





