दुर्गा पूजा-दीपावली पर चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, बिलासपुर से बेंगलुरु तक मिलेगी सुविधा

रायपुर। त्योहारी सीजन में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। बिलासपुर से यलहंका (बेंगलुरु) और वापस बिलासपुर के बीच 22 फेरों के लिए साप्ताहिक फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। यह ट्रेन 9 सितंबर से 18 नवंबर तक चलेगी।
गाड़ी संख्या 08261 बिलासपुर-यलहंका फेस्टिवल स्पेशल हर मंगलवार को बिलासपुर से सुबह 11 बजे रवाना होगी और अगले दिन बुधवार को शाम 7 बजे यलहंका पहुंचेगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 08262 यलहंका-बिलासपुर फेस्टिवल स्पेशल हर बुधवार रात 9 बजे यलहंका से चलेगी और शुक्रवार सुबह 5:30 बजे बिलासपुर पहुंचेगी।
ट्रेन का ठहराव बिलासपुर, भाटापारा, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, डोंगरगढ़ और गोंदिया स्टेशनों पर होगा।
इस फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए 20 कोच लगाए गए हैं, जिनमें 1 एसएलआरडी, 3 सामान्य, 4 स्लीपर, 2 एसी-थ्री इकोनॉमी, 8 एसी-थ्री, 1 एसी-टू और जनरेटर कार शामिल हैं। इससे त्योहारों के समय यात्रियों को कंफर्म बर्थ और बेहतर यात्रा सुविधा मिल सकेगी।





