दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे को मिला नया महाप्रबंधक, तरुण प्रकाश ने किया पदभार ग्रहण

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे को नया महाप्रबंधक मिल गया है। वरिष्ठ अधिकारी तरुण प्रकाश ने आज बिलासपुर स्थित मुख्यालय में पदभार ग्रहण किया। इस खास मौके पर आरपीएफ के जवानों ने उन्हें “गार्ड ऑफ ऑनर” देकर सम्मानित किया। उनके नेतृत्व में रेलवे के तकनीकी विकास और आधारभूत संरचना सुधार कार्यों में नई गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में तरुण प्रकाश ने महाप्रबंधक का कार्यभार संभाल लिया है। रेलवे बोर्ड में प्रधान कार्यकारी निदेशक सिग्नल एवं दूरसंचार के पद पर कार्य कर चुके तरुण प्रकाश ने नीनु इटियेरा का स्थान लिया है, जो 35 वर्षों की सेवा के बाद 31 दिसंबर 2024 को सेवानिवृत्त हो गईं।तरुण प्रकाश भारतीय रेल सिग्नल इंजीनियरिंग सेवा के 1988 बैच के वरिष्ठ अधिकारी हैं।
उनकी तकनीकी शिक्षा प्रतिष्ठित आईआईटी रुड़की और आईआईटी दिल्ली से हुई है। इसके अलावा, उन्होंने प्रबंधन का प्रशिक्षण कार्नेगी मेलॉन विश्वविद्यालय अमेरिका और आईएसबी हैदराबाद से प्राप्त किया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे इस समय कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम कर रहा है।
इसमें प्रमुख स्टेशनों का पुनर्विकास, रेलवे लाइनों का दोहरीकरण और ऑटोमैटिक सिग्नलिंग जैसी अत्याधुनिक योजनाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं को रेलवे की प्रगति का आधार माना जा रहा है। तरुण प्रकाश के अनुभव और नेतृत्व से इन परियोजनाओं में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
आपको बता दे कि तरुण प्रकाश का तकनीकी और प्रबंधन में गहरा अनुभव रेलवे की नई चुनौतियों से निपटने में सहायक होगा। उनके कुशल नेतृत्व से न केवल यात्री सुविधाओं में सुधार होगा, बल्कि रेलवे की बुनियादी ढांचे को भी मजबूती मिलेगी। रेलवे की प्रगति और नवाचार को आगे बढ़ाने की दिशा में यह एक बड़ा कदम माना जा रहा है।





