Silver Medal Winner: राष्ट्रीय प्रतियोगिता में नक्सल प्रभावित गांव की बेटी ने जीता रजत पदक

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले की ममता नेता ने महाराष्ट्र में आयोजित सब जूनियर राष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। यह प्रतियोगिता 18 से 21 जनवरी 2025 तक आयोजित की गई थी। ममता, जो 41वीं वाहिनी भारत तिब्बत सीमा पुलिस द्वारा जूडो प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं, ने अपनी मेहनत और लगन से यह सफलता हासिल की।
इस प्रतियोगिता में कोंडागांव जिले के तीन खिलाड़ी शामिल हुए थे, जिनमें ममता का प्रदर्शन बेहतरीन रहा। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को उप महानिरीक्षक (क्षे0मु0) और 41वीं वाहिनी के सेनानी की देखरेख में चलाया जा रहा है। यह पहल नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए काफी सराहनीय रही है। ममता नेताम और उनके प्रशिक्षक उदय यादव को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कोंडागांव जिला प्रशासन और 41वीं वाहिनी के अधिकारियों ने बधाई दी और भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी।