बिलासपुर रेलवे के बड़े अफसर पर यौन शोषण का आरोप, महिला क्लर्क ने GM से लगाई गुहार – दो महीने बाद भी जांच अधर में

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल से एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां डिप्टी चीफ कमर्शियल मैनेजर कौशिक मित्रा पर एक महिला कमर्शियल क्लर्क ने यौन शोषण और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पीड़िता फिलहाल चम्पा स्टेशन में पदस्थ है और उसने इस संबंध में रेलवे के महाप्रबंधक (GM) को लिखित शिकायत दी है।
शिकायत में महिला कर्मचारी ने बताया कि अधिकारी लगातार व्हाट्सएप पर परेशान करता था। वह उससे जिम की सेल्फी भेजने और निजी सवालों के जवाब देने की मांग करता था। जब उसने इनकार किया, तो आरोपी ने कार्यस्थल पर अनावश्यक दबाव और मानसिक प्रताड़ना शुरू कर दी।
महिला का कहना है कि शिकायत किए हुए दो महीने से ज्यादा समय हो चुका है, लेकिन अब तक न तो जांच पूरी हुई है और न ही कोई रिपोर्ट सामने आई है। इस देरी से उसे लगातार मानसिक तनाव झेलना पड़ रहा है।
इस पूरे मामले से रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया है। कर्मचारियों के बीच चर्चा है कि वरिष्ठ अधिकारियों पर कार्रवाई में देरी से संस्थान की साख पर सवाल उठ रहे हैं।
पीड़िता ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और आरोपी अफसर पर कड़ी कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में कोई अधिकारी इस तरह की हरकत करने की हिम्मत न कर सके।






