रायपुर: स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार का भंडाफोड़, युवतियों ने बताई आपबीती

रायपुर। राजधानी में एक बार फिर स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार का खुलासा हुआ है। न्यू राजेन्द्र नगर स्थित लक्जरी वेलनेस सैलून एंड स्पा सेंटर में पुलिस ने छापा मारकर संदिग्ध हालत में युवक-युवतियों को पकड़ा और कई आपत्तिजनक चीजें भी जब्त कीं।
पुलिस जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पकड़ी गई युवतियों ने बताया कि उन्हें मोटी रकम का लालच देकर दूसरे राज्यों से बुलाया गया था और सेंटर की संचालिका उन्हें जबरन इस गोरखधंधे में धकेलती थी।
युवतियों ने बताया कि स्पा सेंटर की संचालिका खुद ही ग्राहकों से सौदा तय करती थी और उन्हें ‘मालदार’ ग्राहकों के पास भेजा जाता था। अच्छी कमाई के लालच में लड़कियों को फंसाया जाता था और फिर मजबूर कर देह व्यापार कराया जाता था।
पुलिस की बड़ी कार्रवाई
बता दें कि 26 मई को रायपुर पुलिस ने शहर में चल रहे 80 से अधिक स्पा सेंटरों पर एक साथ छापेमारी की थी। उसी दौरान न्यू राजेन्द्र नगर स्थित इस सेंटर में भी पुलिस की टीम पहुंची थी, जहाँ से आपत्तिजनक वस्तुएं और संदिग्ध गतिविधियाँ सामने आईं।
मामला दर्ज
युवतियों के बयान और मौके से मिले सबूतों के आधार पर पुलिस ने महिला संचालिका के खिलाफ पीटा एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। मामला अपराध क्रमांक 103/2025 के अंतर्गत अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धारा 3, 4, 5, 7 में दर्ज किया गया है।
अब भी जारी है ये गोरखधंधा
बावजूद इसके, रायपुर में कई पाश इलाकों और होटलों में स्पा सेंटर की आड़ में यह धंधा तेजी से फैल रहा है। कुछ स्थानीय रसूखदार नेताओं के संरक्षण में चल रहे इन सेंटरों पर पहले भी कार्रवाई हुई है, लेकिन कारोबार पर खास असर नहीं पड़ा।
पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है, लेकिन अब जरूरत है सख्त निगरानी और कड़ी सज़ा की, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।





