बीजापुर–दंतेवाड़ा बॉर्डर पर बड़ी सफलता: सुरक्षाबलों ने 7 नक्सलियों को ढेर किया, दो जवान शहीद

बीजापुर। बीजापुर–दंतेवाड़ा सीमा पर सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। यहां आज सुबह हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने 7 नक्सलियों को मार गिराया। पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव ने बताया कि DRG दंतेवाड़ा–बीजापुर, STF, CoBRA और CRPF की संयुक्त टीम सुबह 9 बजे से पश्चिम बस्तर डिवीजन क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चला रही थी।
ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच कई बार रुक-रुक कर फायरिंग हुई। पुलिस महानिरीक्षक (IG) बस्तर रेंज, सुंदरराज पट्टलिंगम ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से अब तक सात नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। साथ ही SLR राइफलें, .303 राइफलें और भारी मात्रा में हथियार-गोला बारूद भी जब्त किए गए हैं। मारे गए नक्सलियों की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
इस मुठभेड़ में DRG बीजापुर के दो जवान वीरगति को प्राप्त हुए-
- प्रधान आरक्षक मोनू वडाड़ी
- आरक्षक दुकारू गोंडे
इसके अलावा DRG के जवान सोमदेव यादव घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार देकर सुरक्षित हालत में इलाज जारी है।
एसपी बीजापुर ने बताया कि इलाके में अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है और अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है। पूरी क्षेत्र को घेराबंदी कर सर्चिंग तेज कर दी गई है। IG सुंदरराज ने कहा कि ऑपरेशन जारी होने की वजह से अभी ज्यादा जानकारी साझा करना संभव नहीं है। ऑपरेशन पूरा होने के बाद विस्तृत जानकारी दी जाएगी।





