शित लहर खतम होते ही बिलासपुर में स्कूलों का समय सामान्य, कलेक्टर की मंजूरी के बाद आदेश जारी

बिलासपुर जिले में ठंड और शीत लहर का प्रभाव कम होने के बाद स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया गया है। अब सभी स्कूल अपने पूर्व निर्धारित समय पर संचालित होंगे। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी एसबी टांडे ने आदेश जारी किया है। यह निर्णय कलेक्टर संजय अग्रवाल के अनुमोदन के बाद लिया गया।
जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त और सीबीएसई पाठ्यक्रम संचालित विद्यालयों पर यह आदेश लागू होगा। एक पाली में संचालित होने वाले स्कूल सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेंगे, जबकि शनिवार को इनका समय सुबह 7:30 बजे से 11:30 बजे तक रहेगा।
दो पालियों में संचालित स्कूलों में सोमवार से शुक्रवार तक पहली पाली सुबह 7:30 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगी। शनिवार को दोनों पालियों की कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से 11:30 बजे तक ही संचालित होंगी।
गौरतलब है कि अत्यधिक ठंड के कारण पहले सुबह 7:30 बजे से लगने वाली कक्षाओं का समय बढ़ाकर 8:30 बजे कर दिया गया था। अब शीत लहर समाप्त होने के बाद विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्कूलों का समय फिर से सामान्य कर दिया गया है।





