सावन 2025: जानें कब से शुरू हो रहा है शिवभक्ति का पावन महीना, कितने सोमवार होंगे खास?

सावन 2025: हिंदू धर्म में सावन का महीना अत्यंत पवित्र और आध्यात्मिक रूप से महत्वपूर्ण माना जाता है। यह पूरा महीना भगवान शिव को समर्पित होता है, और विशेष रूप से ‘सावन सोमवार’ का भक्तों के जीवन में बड़ा महत्व होता है।
सावन 2025 की शुरुआत और समापन
इस साल सावन 2025 की शुरुआत 11 जुलाई (शुक्रवार) से हो रही है और इसका समापन 9 अगस्त (शनिवार) को होगा।
दिलचस्प बात यह है कि इसी दिन रक्षाबंधन का पर्व भी मनाया जाएगा।
इस साल सावन में पड़ने वाले सोमवार (Sawan Somvar 2025 Dates)
सावन के महीने में कुल चार सोमवार पड़ रहे हैं, जो इस प्रकार हैं:
पहला सावन सोमवार व्रत – 14 जुलाई 2025
दूसरा सावन सोमवार व्रत – 21 जुलाई 2025
तीसरा सावन सोमवार व्रत – 28 जुलाई 2025
चौथा और अंतिम सावन सोमवार व्रत – 4 अगस्त 2025
इन चारों सोमवारी व्रतों पर शिव भक्त उपवास रखते हैं, शिवलिंग का दूध, जल और बेलपत्र से अभिषेक करते हैं और भोलेनाथ से सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त करने की कामना करते हैं।
सावन महीने में क्या करें और क्या न करें? (Sawan 2025 Niyam)
सावन माह में शिवभक्तों को विशेष नियमों का पालन करना चाहिए, ताकि शिवजी की कृपा प्राप्त हो:
क्या करें:
सावन सोमवार का व्रत रखें और ब्रह्मचर्य का पालन करें।
शिवलिंग पर जल, दूध, शहद और बेलपत्र से अभिषेक करें।
सात्विक भोजन करें और जरूरतमंदों को सफेद वस्त्र या दूध से बनी चीजें दान करें।
‘ॐ नम: शिवाय’ मंत्र का जाप करें और शिवपुराण का पाठ करें।
क्या न करें:
मांसाहार, लहसुन-प्याज और बैंगन का सेवन न करें।
केतकी के फूल और हल्दी शिवलिंग पर न चढ़ाएं।
सावन में बाल-दाढ़ी बनवाने से बचें।
क्रोध, निंदा और अपवित्र आचरण से दूर रहें।


