जल्द शुरू होगा संजय तरण पुष्कर, तैराकी प्रेमियों को मिलेगी राहत

बिलासपुर। गर्मी के मौसम में तैराकी प्रेमियों के लिए खुशखबरी है। नगर निगम द्वारा संचालित संजय तरण पुष्कर जल्द ही जनता के लिए खोल दिया जाएगा। प्रशासन का दावा है कि आगामी 7-8 दिनों में स्विमिंग पूल शुरू कर दिया जाएगा।

पूल की सफाई और पानी भरने की प्रक्रिया जारी

नगर निगम द्वारा स्वच्छता अभियान के तहत पूल की पूरी सफाई करवाई गई है। मंगलवार से इसमें पानी भरने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। अधिकारियों के मुताबिक, 8-10 दिनों में पूल पूरी तरह भर जाएगा, जिसके बाद इसे आधिकारिक रूप से चालू कर दिया जाएगा।

इस साल तैराकी का शुल्क पिछले वर्ष की तरह ही रहेगा, जिससे तैराकी प्रेमियों को कोई अतिरिक्त खर्च नहीं उठाना पड़ेगा। नए सदस्यों का पंजीयन भी शुरू कर दिया गया है, जिससे लोग जल्दी से जल्दी स्विमिंग पूल की सुविधा का लाभ उठा सकें।

बच्चों के लिए खास इंतजाम

इस बार पूल में छोटे बच्चों के लिए नव निर्मित बच्चा पूल भी तैयार किया गया है। अधिकारियों ने इसका परीक्षण भी कर लिया है। सफाई प्रक्रिया पूरी होते ही यह पूल भी चालू कर दिया जाएगा। इससे बच्चों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण में तैराकी सीखने का मौका मिलेगा।

संजय तरण पुष्कर के जल्द शुरू होने से तैराकी सीखने वालों और खिलाड़ियों को खास फायदा होगा। गर्मी के मौसम में यह सुकून और सेहत दोनों का बेहतर विकल्प रहेगा। शहर के लोग बेसब्री से इसके शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।

अब देखना यह होगा कि प्रशासन अपने दावे के अनुसार इसे समय पर शुरू कर पाता है या नहीं।

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button