गर्मी में संजय तरण पुष्कर बना राहत का ठिकाना, तैराकी के लिए लगी लंबी कतारें

बिलालपुर। शहर में बढ़ती गर्मी से राहत पाने के लिए लोग अब स्विमिंग पूल का रुख कर रहे हैं। नगर निगम द्वारा संचालित संजय तरण पुष्कर स्विमिंग पूल इन दिनों शहरवासियों के लिए ठंडक का केंद्र बन गया है। यहां सुबह से लेकर शाम तक “छपाक-छपाक” की आवाजें गूंज रही हैं।
चार स्लॉट में चल रही तैराकी
स्विमिंग पूल में इस बार चार अलग-अलग स्लॉट बनाए गए हैं – पुरुष, महिला, फैमिली और प्रशिक्षु वर्ग के लिए। हर स्लॉट में 80 लोगों की एंट्री की अनुमति है। पूल प्रभारी प्रमिल कुमार शर्मा के अनुसार, अब तक 300 से ज्यादा लोगों ने पंजीयन कर लिया है। सभी स्लॉट पूरी तरह फुल हो चुके हैं और नई एंट्री के लिए लोगों की कतारें लगने लगी हैं।
मरम्मत के बाद शुरू हुई सुविधा
इस बार पूल की शुरुआत थोड़ी देरी से हुई क्योंकि टाइल्स और पाइपलाइन की मरम्मत की जा रही थी। अब मरम्मत का काम पूरा हो गया है और गार्डन एरिया को भी सुंदर बना दिया गया है। साफ-सफाई और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यहां सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त की गई हैं।
शुल्क और समय पहले जैसा
पूल का शुल्क और समय-सारणी पहले की तरह ही है, जिसकी जानकारी परिसर में चस्पा कर दी गई है। भीषण गर्मी में स्विमिंग पूल लोगों के लिए सिर्फ मनोरंजन नहीं बल्कि राहत का साधन भी बन चुका है।
शहरवासियों का कहना है कि गर्मी से बचने और फिट रहने के लिए यह सबसे अच्छा तरीका है, खासकर बच्चों और युवाओं में तैराकी को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।





