बिलासपुर के नए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने संभाला पदभार, जनसुनवाई और सुशासन पर रहेगा खास फोकस

बिलासपुर। जिले के नए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सोमवार को विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं। संजय अग्रवाल ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। इसके लिए वे पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ काम करेंगे।

पदभार ग्रहण करने के बाद ही कलेक्टर ने सभी विभागों के अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक भी की। इस बैठक में विभागों की प्राथमिकताएं, लंबित काम और सुशासन त्यौहार के तहत आए आवेदनों की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवेदनों का जल्द से जल्द और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित कर सैकड़ों नागरिकों से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और समय पर समाधान का भरोसा दिलाया। साथ ही अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का तेजी से निराकरण करें और कामकाज में पारदर्शिता तथा जवाबदेही बनाए रखें।

कलेक्टर कार्यालय में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम लोग नए कलेक्टर से मिलने पहुंचे और उन्हें शुभकामनाएं दीं। संजय अग्रवाल के नेतृत्व में जिले में प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनकल्याण को प्राथमिकता दिए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button