84 दिन बाद भी नहीं सुलझी साईं मंदिर चोरी: फिल्मी अंदाज में हुई वारदात, पुलिस अब तक खाली हाथ

भिलाई के सेक्टर-6 स्थित श्री शिर्डी साईं बाबा मंदिर में हुई बड़ी चोरी की वारदात को 84 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। 26 फरवरी 2026 की रात हुई इस घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया था। सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में मंदिर के भीतर हुई चोरी के बाद पुलिस ने कई टीमें गठित कीं, लेकिन तीन महीने बाद भी कोई ठोस सफलता नहीं मिल पाई है।

नकाबपोश बदमाशों ने गार्ड को बनाया बंधक

मामले में मंदिर परिसर में तैनात गार्ड परमेश्वर सेन ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि रात करीब 2:15 से 3 बजे के बीच 4 से 5 नकाबपोश बदमाश मंदिर के पीछे से अंदर घुसे। बदमाशों ने गार्ड के साथ मारपीट कर उसके हाथ-पैर नायलॉन की रस्सी से बांध दिए और आंखों पर कपड़ा बांधकर प्रसाद काउंटर के पास लिटा दिया। आरोपियों ने उसका मुंह और नाक दबाए रखा ताकि वह शोर न मचा सके। इसके बाद बदमाश करीब एक घंटे तक मंदिर के भीतर चोरी करते रहे।

चांदी के कीमती सामान और DVR ले गए आरोपी

चोरी हुए सामान में चांदी की पादुका, आरती की थाली, पंचआरती स्टैंड, चांदी के ग्लास, पंचामृत कलश, अगरबत्ती स्टैंड, चांदी के पैनल और अन्य कीमती धार्मिक वस्तुएं शामिल थीं। आरोपी जाते समय मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए, ताकि उनकी पहचान न हो सके। बाद में साईं भवन के चौकीदार ने आवाज सुनकर अन्य लोगों को सूचना दी, जिसके बाद घटना का खुलासा हुआ।

तीन महीने बाद भी पुलिस के हाथ खाली

घटना के बाद पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम की मदद से जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस टीम बिहार के वैशाली तक पहुंची और कई संदिग्धों से पूछताछ भी की गई। शुरुआती जांच में बाहरी गिरोह के शामिल होने की आशंका जताई गई थी। इसके बावजूद अब तक पुलिस किसी भी आरोपी तक नहीं पहुंच पाई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच लगातार जारी है और हर एंगल से पड़ताल की जा रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button