कोरबा में सीमांकन विवाद पर बवाल, RI-पटवारी को दो घंटे रोका

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जमीन सीमांकन को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। सीमांकन प्रक्रिया के दौरान ग्रामीणों और राजस्व अधिकारियों के बीच जमकर हंगामा हुआ। आरोप है कि ग्रामीणों ने राजस्व निरीक्षक (RI) और पटवारी को करीब दो घंटे तक मौके पर रोके रखा। इस दौरान धक्का-मुक्की भी हुई और एक युवक ने आत्महत्या की धमकी दे दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सीमांकन के दौरान बढ़ा विवाद
जानकारी के मुताबिक, करतला थाना क्षेत्र के नोनबिर्रा गांव में राजस्व विभाग की टीम जमीन सीमांकन के लिए पहुंची थी। अधिकारियों ने खसरा नंबर 643/1 की जमीन की नाप-जोख की प्रक्रिया पूरी की। इसी दौरान जमीन मालिक पक्ष ने सीमांकन पर आपत्ति जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गलत तरीके से सीमांकन किया जा रहा है। विवाद बढ़ने पर अधिकारियों की कार के सामने बाइक खड़ी कर रास्ता रोक दिया गया। मौके पर मौजूद लोगों और पटवारी के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
रिश्वत लेकर गलत नापी करने का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि राजस्व अधिकारी विपक्षी पक्ष से मिलीभगत कर रिश्वत लेकर गलत सीमांकन कर रहे थे। विरोध के दौरान एक युवक रस्सी लेकर पहुंच गया और आत्महत्या करने की धमकी देने लगा। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत लंबे समय से की जा रही है, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई समाधान नहीं निकाला।
वहीं पटवारी की शिकायत में कहा गया है कि अधिकारियों के साथ गाली-गलौज की गई और उन्हें मौके से जाने नहीं दिया गया। शिकायत में जान से मारने और झूठे केस में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
चार ग्रामीणों पर FIR, जांच की मांग
मामले में पुलिस ने चार ग्रामीणों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि सरकारी काम में बाधा डालने और अधिकारियों को बंधक बनाने के आरोपों की जांच की जा रही है।
दूसरी ओर, ग्रामीण परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिवार ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर आरोप लगाया है कि सीमांकन पक्षपातपूर्ण तरीके से किया गया और विरोध करने पर उनके खिलाफ झूठा मामला दर्ज कराया गया।





