बिलासपुर के मिड टाउन होटल में बाउंसरों का हंगामा, किरायेदार ने पुलिस से मांगी मदद

बिलासपुर शहर के पुराने बस स्टैंड रोड स्थित मिड टाउन होटल में रविवार शाम उस समय अफरातफरी मच गई, जब कुछ बाउंसर अचानक होटल में घुस आए और वहां रह रहे मेहमानों को जबरदस्ती बाहर निकालने लगे। बाउंसर कमरों में ताले लगाने की कोशिश भी कर रहे थे।

होटल के किरायेदार अनुराग ने तुरंत सिविल लाइन पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और बाउंसरों को खदेड़कर होटल का माहौल शांत कराया। पुलिस ने इस घटना की शिकायत दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है।

सूत्रों के अनुसार, मिड टाउन होटल के मालिक रामायण शर्मा ने फरवरी 2024 में होटल फजलबाड़ा निवासी अनुराग को किराए पर दिया था। एग्रीमेंट के तहत हर साल 5% किराया बढ़ाने की शर्त थी। अनुराग ने होटल को नया रूप देने के लिए लगभग 40 लाख रुपये का निवेश किया, जिससे होटल का व्यवसाय अच्छा चलने लगा।

लेकिन फरवरी 2025 में एग्रीमेंट खत्म होने के बाद होटल मालिक ने डबल किराया मांगते हुए होटल खाली करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। मामला पहले थाने और फिर कोर्ट पहुंचा, पर होटल मालिक का दबाव खत्म नहीं हुआ।

रविवार शाम मालिक ने बाउंसर भेजकर होटल जबरन खाली करवाने की कोशिश की। गेस्ट को निकाला गया और कमरों में ताले लगाए जाने लगे। अनुराग ने बताया कि रामायण शर्मा और उनका बेटा राजकमल लगातार उन्हें धमका रहे हैं और गुंडों से डराने की कोशिश कर रहे हैं।

अनुराग का कहना है कि जब तक उन्हें होटल पर किए गए निवेश की राशि वापस नहीं मिलती, वे होटल नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने बताया कि विवाद सुलझाने के लिए भाजपा नेताओं के साथ बैठक भी हुई थी, लेकिन कोई हल नहीं निकला।

पुलिस का बयान:

सिविल लाइन पुलिस ने बताया कि मौके से बाउंसरों को खदेड़ा गया है और शिकायत दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और उचित कार्रवाई की जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button