बिहार चुनाव से पहले कांग्रेस में बवाल: भूपेश बघेल और देवेंद्र यादव पर टिकट दलाली के आरोप, दिल्ली में धरना प्रदर्शन

रायपुर/दिल्ली/बिहार। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में बड़ी अंदरूनी कलह सामने आई है। पार्टी आलाकमान ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और विधायक देवेंद्र यादव पर भरोसा जताते हुए उन्हें बिहार चुनाव की जिम्मेदारी सौंपी थी। लेकिन अब दोनों नेताओं पर टिकट दलाली (टिकट बेचने) के गंभीर आरोप लग रहे हैं।
दिल्ली स्थित कांग्रेस के नए मुख्यालय के बाहर बिहार के कई पुराने कांग्रेसी नेताओं ने हाथों में पंपलेट लेकर देवेंद्र यादव के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि देवेंद्र यादव और उनकी टीम टिकटों की खरीदी-बिक्री कर रही है। सोशल मीडिया पर भी यह मामला तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे कांग्रेस की छवि को नुकसान पहुंच रहा है।
बिहार कांग्रेस के नेताओं का कहना है कि भूपेश बघेल के दबाव में देवेंद्र यादव को बिहार चुनाव पर्यवेक्षक बनाया गया, जबकि उन पर टिकट दलाली के आरोप पहले से लगते रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि “छत्तीसगढ़ में जो नेता अपनी सरकार तक नहीं बचा सके, अब वही बिहार में टिकट बेचने का काम कर रहे हैं।”
इस पूरे विवाद पर बीजेपी नेता के. सूरज ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि “कांग्रेस को ऐसे बिचौलिया नेताओं पर तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। अगर सख्त कदम उठाया गया तो यह दूसरों के लिए भी सबक होगा।”
गौरतलब है कि बिहार में आरजेडी-कांग्रेस गठबंधन के तहत कांग्रेस को 55 सीटें मिली हैं। बताया जा रहा है कि लालू यादव ने अपने करीबियों को कांग्रेस कोटे से टिकट दिलाने के लिए राहुल गांधी पर दबाव डाला है, जिससे पार्टी के अंदर असंतोष और बढ़ गया है।
कांग्रेस के अंदरूनी विवाद और टिकट वितरण को लेकर मचा घमासान अब चुनावी माहौल में पार्टी के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।





