भारत–न्यूजीलैंड T20 मैच: रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने जारी की रूट और पार्किंग व्यवस्था, कई सामानों पर रोक

रायपुर। शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नया रायपुर में 23 जनवरी को भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा T20 मैच मुकाबला खेला जाएगा। मैच के दौरान राज्य के अलग-अलग जिलों से आने वाले दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रायपुर यातायात पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक और पार्किंग प्लान जारी किया है। साथ ही सुरक्षा कारणों से स्टेडियम में कई वस्तुओं के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है।
दर्शकों के लिए प्रमुख मार्ग व्यवस्था
- रायपुर शहर से आने वाले दर्शक तेलीबांधा थाना तिराहा → NH-53 → सेरीखेड़ी ओवरब्रिज → नया रायपुर मार्ग → स्टेडियम तिराहा → सांई अस्पताल रोड से सांई अस्पताल और सेंध तालाब पार्किंग में वाहन पार्क कर पैदल स्टेडियम पहुंचेंगे।
- बिलासपुर से आने वाले दर्शक बिलासपुर-रायपुर मार्ग → धनेली नाला → रिंग रोड-03 → विधानसभा चौक → NH-53 → मंदिर हसौद → नवागांव टर्निंग से स्टेडियम के पूर्व दिशा स्थित परसदा और कोसा पार्किंग का उपयोग करेंगे।
- दुर्ग-भिलाई, बलौदाबाजार-खरोरा, जगदलपुर-धमतरी और महासमुंद-सरायपाली मार्ग से आने वालों के लिए भी अलग-अलग निर्धारित रास्ते और पार्किंग स्थल तय किए गए हैं।
पासधारी वाहनों के लिए
पास A, B, C, D, E, F, G वाले वाहन सेरीखेड़ी ओवरब्रिज होते हुए नया रायपुर प्रवेश मार्ग से सीधे स्टेडियम पार्किंग में जा सकेंगे।
भारी वाहनों पर प्रतिबंध
23 जनवरी 2026 को दोपहर 12 बजे से रात 1 बजे तक नया रायपुर के सभी प्रवेश मार्गों पर मध्यम और भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा।
स्टेडियम में प्रतिबंधित सामान
शराब, सिगरेट-गुटखा, माचिस, ज्वलनशील पदार्थ, बोतल-डिब्बे, छाता, कुर्सी-स्टूल, डंडा, हथियार, तेज धार वाले औजार, खाद्य पदार्थ (बच्चों को छोड़कर), कांच के कंटेनर, हैंडबैग-सूटकेस, लैपटॉप, कैमरा, लेजर लाइट, स्प्रे, खिलौने, लाउड स्पीकर, जानवर, प्रचार सामग्री और सिक्कों के प्रवेश पर रोक रहेगी।
यातायात पुलिस ने दर्शकों से अपील की है कि वे तय किए गए मार्गों और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें तथा सुरक्षा नियमों का सहयोग करें। पुलिस का कहना है कि इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य खिलाड़ियों और दर्शकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और मैच के दौरान किसी भी अव्यवस्था से बचना है।





