Robbery: न्यायधानी में बेखौफ बदमाश, राजकिशोर नगर में व्यवसायी को लहूलुहान कर लूटी कार
ज्वेलरी कारोबारी पर हथौड़ी और बंदूक से हमला, जेवरों से भरी कार लूटकर नकाबपोश फरार....

छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर एक बार फिर गोलियों की गूँज और बदमाशों के दुस्साहस से दहल उठी है। (Robbery) सरकंडा थाना क्षेत्र के पॉश इलाके राजकिशोर नगर में मंगलवार रात नकाबपोश बदमाशों ने एक ज्वेलरी व्यवसायी को अपना निशाना बनाया। बदमाशों ने न केवल कारोबारी के सिर पर प्राणघातक हमला किया, बल्कि बंदूक की नोक पर जेवरों से भरी उनकी कार लूटकर रफूचक्कर हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और शहर के चारों ओर नाकेबंदी कर दी गई है। मौके से बरामद हथियार और लावारिस गाड़ियाँ किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा कर रही हैं…
बिलासपुर में खूनी तांडव
बिलासपुर के राजकिशोर नगर स्थित टेलीफोन एक्सचेंज रोड पर मंगलवार रात करीब 9 बजे सन्नाटा उस वक्त चीखों में बदल गया, जब महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी अपनी मेहरून रंग की रीनॉल्ट कार (CG 10 AH 7707) से घर लौट रहे थे। घात लगाए बैठे नकाबपोश बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में उनका रास्ता रोका और उन पर टूट पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों और सूत्रों के मुताबिक, बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की और जब संतोष तिवारी ने विरोध किया, तो उनके सिर पर हथौड़ी या किसी भारी हथियार से वार कर उन्हें लहूलुहान कर दिया गया। घायल व्यवसायी सड़क पर तड़पते रहे और आरोपी कार में रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर समेत पूरी गाड़ी लेकर रफूचक्कर हो गए। इस दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत के मारे घरों में दुबक गए….
मौके पर जिंदा कारतूस और मैगजीन बरामद, (Robbery)
पुलिस की तफ्तीश और मौके पर मिले सुराग घटना की जानकारी मिलते ही आईजी रामगोपाल गर्ग और एसएसपी रजनेश सिंह समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुँचा। तफ्तीश के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक पैशन प्रो बाइक (CG 10 P 0331) और एक अन्य संदिग्ध कार (CG 10 BJ 8147) बरामद हुई है, जिसे आरोपी संभवतः हड़बड़ी में छोड़ गए थे।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मौके से एक लोडेड मैगजीन और जिंदा कारतूस भी मिले हैं, जो बदमाशों के पास आधुनिक हथियारों की मौजूदगी की पुष्टि करते हैं। फिलहाल घायल व्यवसायी का उपचार अस्पताल में जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, जिसमें कुछ संदिग्ध नकाबपोश कैद हुए हैं। बिलासपुर पुलिस का दावा है कि आरोपियों के डिजिटल और फिजिकल ट्रेल मिल चुके हैं और जल्द ही वे सलाखों के पीछे होंगे…





