रायपुर में लाखों की चोरी का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

रायपुर, 31 मार्च 2024 – रायपुर के पंडरी इलाके में स्थित ‘श्री शिवम’ कपड़ा शोरूम से लाखों रुपये की नकदी चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर ₹23 लाख से अधिक की संपत्ति बरामद की है।
शोरूम के संचालक संजय राठी ने सिविल लाइन थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने अपराध क्रमांक 141/25 धारा 331(4), 305 बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी अमरेश मिश्रा और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर एक विशेष टीम बनाई गई।
जांच के दौरान शोरूम में काम करने वाले कर्मचारी राजेश टण्डन पर संदेह हुआ। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने चोरी की बात कबूल की। राजेश ने बताया कि उसने अपने मामा परमेश्वर बघेल उर्फ प्रेम, सुरेश दीवान और मोहनीश श्रीवास्तव उर्फ सिद्धार्थ के साथ मिलकर इस चोरी की योजना बनाई थी और उसे अंजाम दिया।
पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से ₹16,89,970 नकद, दो कार, एक एक्टिवा, एक पल्सर मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। कुल मिलाकर ₹23 लाख से ज्यादा की संपत्ति बरामद की गई है। आरोपियों से बाकी रकम की बरामदगी के लिए पुलिस रिमांड लिया जाएगा।
इस तेज और सफल कार्रवाई के लिए रायपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम को ₹10,000 का नकद इनाम दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई की चारों ओर सराहना हो रही है।





