रेखा की ‘उमराव जान’ फिर लौटेगी सिनेमाघरों में, 27 जून को होगी री-रिलीज

मुंबई:रेखा की यादगार फिल्म उमराव जान एक बार फिर सिल्वर स्क्रीन पर लौटने जा रही है। पीवीआर-आईनॉक्स ने इस कालजयी फिल्म को 4K डिजिटल फॉर्मेट में 27 जून को री-रिलीज करने का ऐलान किया है। यह प्रयास राष्ट्रीय विरासत मिशन के अंतर्गत भारतीय सिनेमा की अमूल्य धरोहरों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

1981 में रिलीज हुई उमराव जान में रेखा ने लखनऊ की मशहूर शायरा-कोठेवाली का किरदार निभाया था, जो अब तक उनके अभिनय जीवन का शिखर माना जाता है। फिल्म में खय्याम का संगीत, शहरयार की शायरी और आशा भोंसले की आवाज ने मिलकर इसे एक संगीतमय क्लासिक बना दिया। गाने जैसे “इन आँखों की मस्ती के मस्ताने हजारों हैं” और “दिल चीज़ क्या है आप मेरी जान लीजिए” आज भी संगीत प्रेमियों की ज़ुबान पर हैं।

फिल्म के निर्देशक मुजफ्फर अली ने री-रिलीज से पहले कहा, “रेखा न होतीं तो उमराव जान पर्दे पर जीवित न होती। उन्होंने न सिर्फ किरदार निभाया बल्कि उसे जिया।” री-रिलीज के मौके पर एक खास कार्यक्रम और एक कॉफी टेबल बुक भी लॉन्च की जाएगी जिसमें फिल्म की मेकिंग, पोशाकें, सेट और अन्य यादगार पहलुओं को शामिल किया गया है।

इस क्लासिक फिल्म में फारुख शेख, नसीरुद्दीन शाह, राज बब्बर समेत कई दिग्गज कलाकारों ने दमदार भूमिकाएं निभाई थीं। उमराव जान को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री (रेखा), संगीतकार (खय्याम), गायिका (आशा भोंसले) और कला निर्देशक जैसे चार राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिले थे।

री-रिलीज की यह पहल युवा दर्शकों को भारत की सांस्कृतिक विरासत और सिनेमा की गरिमा से जोड़ने का एक सुनहरा अवसर है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button