आज प्रदेशभर में रजिस्ट्री कार्य ठप, 3 मई से लागू होने वाले ऑटोमेटिक नामांतरण सिस्टम की ट्रेनिंग में व्यस्त अधिकारी

बिलासपुर |
राज्य भर में आज यानी 28 अप्रैल को सभी रजिस्ट्री कार्यालय बंद हैं। इसका कारण है आगामी 3 मई से लागू होने वाला ऑटोमेटिक नामांतरण सिस्टम, जिसके लिए राज्य के रजिस्ट्री अधिकारियों को रायपुर में विशेष प्रशिक्षण हेतु बुलाया गया है।

इस बदलाव के चलते सोमवार को न तो कोई दस्तावेज पंजीकृत होंगे और न ही किसी प्रकार की रजिस्ट्री प्रक्रिया संपन्न होगी। बिलासपुर सहित प्रदेश के सभी जिला और उप पंजीयन कार्यालयों में आज कार्य पूरी तरह से बंद रहेगा। यह बदलाव राज्य सरकार द्वारा राजस्व विभाग के नियमों में किए गए बड़े सुधार का हिस्सा है।

नए सिस्टम के तहत अब नामांतरण प्रक्रिया ऑटोमैटिक होगी, जिससे नागरिकों को मैन्युअल प्रक्रिया से राहत मिलेगी और काम में पारदर्शिता आएगी। इस तकनीकी बदलाव को लेकर अधिकारी नई प्रणाली की बारीकियों को समझने के लिए रायपुर में ट्रेनिंग ले रहे हैं।

इस एकदिनी बंदी का असर पूरे राज्य में देखा जा रहा है। केवल बिलासपुर जिले में लगभग 200 रजिस्ट्रियां आज प्रभावित हुई हैं, वहीं प्रदेशभर में यह आंकड़ा 15,000 तक पहुंचने की संभावना है। जिन लोगों ने 28 अप्रैल की रजिस्ट्री के लिए अपॉइंटमेंट बुक किया था, उन्हें सूचना देकर रजिस्ट्री की तारीख को 29 अप्रैल के लिए पुनर्निर्धारित किया गया है।

रजिस्ट्री विभाग के अधिकारियों के अनुसार, नया सिस्टम लागू होने के बाद नागरिकों को तेज़, पारदर्शी और ऑटोमैटिक सेवा का अनुभव मिलेगा, जिससे नामांतरण के लिए पटवारी या तहसील के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button