रील बनाने के विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो महिलाएं घायल; विरोध में बस्ती पहुंचे बजरंग दल कार्यकर्ता

रायपुर के काठाडीह बीएसयूपी कॉलोनी में सोशल मीडिया रील बनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में दो महिलाओं को गंभीर चोटें आई हैं। मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। घटना के विरोध में बजरंग दल के कार्यकर्ता बस्ती में पहुंचे और हनुमान चालीसा का पाठ किया, जिससे इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया।

तुलसी के पौधे के पास रील बनाने पर शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, कॉलोनी निवासी परमिला सेन ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनके घर की बालकनी में पूजा के लिए रखा तुलसी का पौधा पड़ोस के कुछ बच्चे रील बनाने के दौरान पकड़कर हिला रहे थे। उन्होंने बच्चों को ऐसा करने से रोका और तुलसी के पौधे का सम्मान करने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।

बताया गया कि कुछ देर बाद पड़ोस में रहने वाली महिलाओं और अन्य लोगों के शामिल होने से कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।

मारपीट में दो महिलाओं को आई चोटें

शिकायत के मुताबिक, विवाद के दौरान एक पक्ष की महिलाओं और एक युवक ने मिलकर परमिला सेन के साथ मारपीट की। आरोप है कि डंडे, हाथ-मुक्कों और लात-घूंसों से हमला किया गया, जिससे वह घायल हो गईं।

विवाद को शांत कराने पहुंची पड़ोसी महिला पिंकी जार्ज भी इसकी चपेट में आ गईं। उनके सिर और नाक पर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें उपचार की जरूरत पड़ी। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

विरोध में पहुंचे बजरंग दल कार्यकर्ता, पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना के विरोध में बुधवार को बजरंग दल के कार्यकर्ता बस्ती में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ किया और विरोध प्रदर्शन किया। उनके पहुंचने से क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले में सलतनत बेगम, फिरदोस बेगम और मेहताब खान के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि विवाद की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button