कृषि मंत्री रामविचार नेताम का कांग्रेस पर हमला, बोले- बजरंगबली की गदा से कांग्रेस का पतन तय

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। हनुमान जयंती के मौके पर राम मंदिर पहुंचकर उन्होंने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि बजरंगबली की गदा अब कांग्रेस पर चल रही है, जिसका असर साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने भगवान राम के आतिथ्य को स्वीकार नहीं किया, उसी दिन से उसका पतन तय हो गया था।
नेताम ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा समाप्त होने की ओर है और उसे आत्ममंथन कर भाजपा में शामिल हो जाना चाहिए। उन्होंने भगवान से प्रार्थना की कि देश और प्रदेश से अत्याचार खत्म हो और राम राज्य की स्थापना हो। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद के खात्मे की शुरुआत हो चुकी है।
कांग्रेस की संगठनात्मक गतिविधियों पर तंज कसते हुए मंत्री नेताम ने कहा कि कांग्रेस को अपने ही नेताओं पर भरोसा नहीं है, इसलिए वह जिला अध्यक्षों के काम की मॉनिटरिंग कर रही है। खाद संकट के आरोपों पर उन्होंने कहा कि देश में खाद की कोई कमी नहीं है, बल्कि कांग्रेस बिचौलियों का समर्थन करती आई है। सरकार सख्ती करेगी ताकि कोई खाद का भंडारण न कर सके।
नक्सलमुक्त गांवों के लिए कांग्रेस द्वारा स्पेशल पैकेज की मांग पर उन्होंने कहा कि सरकार सभी जरूरी कदम उठाएगी और प्रदेश के विकास के लिए काम जारी रहेगा।





