बिहार में NDA की वापसी पर रमन सिंह का बयान: “नीतीश कुमार की ईमानदारी की जीत, नक्सलवाद खत्म करने का निर्णायक दौर शुरू”

रायपुर। बिहार विधानसभा चुनाव में NDA को मिले बड़े जनादेश के बाद अब मुख्यमंत्री पद की शपथ और नए मंत्रिमंडल को लेकर चर्चाएँ तेज हो गई हैं। इसी बीच छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने प्रतिक्रिया दी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के लिए मजबूत कार्ययोजना बनाई, जिसके चलते जंगल राज खत्म हुआ और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया। रमन सिंह के अनुसार, बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में फिर से सरकार बनने जा रही है, और यह जीत उनकी ईमानदारी और नीतियों की वजह से मिली है।
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को बिहार चुनाव का सीनियर ऑब्जर्वर बनाया गया था। इस पर टिप्पणी करते हुए रमन सिंह ने कहा कि, “भूपेश बघेल को जब भी जिम्मेदारी दी जाती है, उसका परिणाम सबको पता है।”
डीजी कॉन्फ्रेंस को लेकर उन्होंने बताया कि इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और देशभर के डीजी शामिल होंगे। नक्सल समस्या पर उन्होंने कहा कि देश अब निर्णायक दौर में है, और 2026 मार्च तक नक्सलवाद पूरी तरह खत्म करने की डेडलाइन तय की गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि “शत-प्रतिशत नक्सलवाद समाप्त करने में सफलता मिलेगी।”





