राजनांदगांव के योग खिलाड़ियों की शानदार सफलता, मोहित और गौरव ने जीते गोल्ड मेडल

राजनांदगांव।रायगढ़ स्थित ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी में 25 से 27 जुलाई तक आयोजित राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में राजनांदगांव के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। बालक वर्ग में मोहित सोनी और गौरव यादव ने स्वर्ण पदक जीतकर न सिर्फ जिले का नाम रोशन किया, बल्कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भी अपनी जगह पक्की कर ली। वहीं, खिलेश्वर साहू ने कांस्य पदक हासिल किया।
मोहित सोनी ने फॉरवर्ड बेंड इंडिविजुअल इवेंट में गोल्ड मेडल जीता। गौरव यादव ने ट्रेडिशनल सिंगल इवेंट और बैंक बेंड इंडिविजुअल इवेंट दोनों में गोल्ड पर कब्जा जमाया। दूसरी ओर, खिलेश्वर साहू को सुपाईन इंडिविजुअल इवेंट में कांस्य पदक मिला। इसके अलावा, मोहित और खिलेश्वर की जोड़ी ने आर्टिस्टिक पेयर इवेंट में भी कांस्य पदक जीता।
इस तरह राजनांदगांव को इस प्रतियोगिता में कुल 3 स्वर्ण और 2 कांस्य पदक हासिल हुए, जो अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि के पीछे नगर के योग प्रशिक्षक किशोर माहेश्वरी का मार्गदर्शन और मेहनत भी रही। वे मोहित और खिलेश्वर को नियमित प्रशिक्षण दे रहे हैं।
अब मोहित सोनी और गौरव यादव 11 से 14 सितंबर को भिलाई में होने वाली राष्ट्रीय योगासन खेल प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।
उनकी इस कामयाबी पर परिजनों, साथी खिलाड़ियों और शुभचिंतकों के साथ-साथ जिला योगासन एसोसिएशन के अध्यक्ष हेमंत तिवारी और सचिव डोमेंद्र देवांगन ने बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।





