राजा रघुवंशी हत्याकांड: पत्नी सोनम निकली बेवफा और कातिल, प्रेमी संग रची साजिश

दिल्ली। मेघालय के चेरापूंजी में इंदौर निवासी राजा रघुवंशी की हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड की मास्टरमाइंड खुद राजा की पत्नी सोनम रघुवंशी निकली। शादी के महज 12 दिन बाद ही सोनम ने अपने प्रेमी राज कुशवाहा के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची और हनीमून के बहाने उसे मेघालय ले जाकर मौत के घाट उतरवा दिया।
राजा और सोनम की शादी 11 मई को हुई थी। 21 मई को दोनों हनीमून पर शिलॉन्ग पहुंचे और 23 मई को वॉटरफॉल ट्रेकिंग के बहाने सोनम पति को मावलाखियात की ऊंचाई पर ले गई। वहां पहले से मौजूद राज कुशवाहा के तीन साथियों ने सोनम के इशारे पर राजा की हत्या कर दी और शव को खाई में फेंक दिया। 2 जून को लाश बरामद हुई।
शुरुआत में सोनम के अपहरण या हमले की आशंका जताई गई थी, लेकिन 10 जून को वह यूपी में सुरक्षित मिली, जिससे शक की सुई उसी पर आ गई। पुलिस जांच में सामने आया कि सोनम पहले से ही राज कुशवाहा से प्रेम करती थी और उसी के कहने पर तीन हत्यारों को 20 लाख की सुपारी दी गई थी।
हत्या के बाद सोनम अलग रास्ते से गुवाहाटी पहुंची और वहां से इंदौर रवाना हो गई। पुलिस अब हत्या स्थल की दोबारा जांच करेगी। एसपी विवेक सईम के अनुसार, सोनम ने खुद आरोपियों को हत्या स्थल तक पहुंचाया था। सभी आरोपी अब पुलिस हिरासत में हैं और जल्द ही कोर्ट में पेश किए जाएंगे।





