राजा रघुवंशी हत्याकांड: सोनम ने रची थी पांच साजिशें, पुलिस पूछताछ में बड़ा खुलासा

दिल्ली। राजा रघुवंशी हत्याकांड में हर दिन नए खुलासे सामने आ रहे हैं। पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी ने अपने प्रेमी राज कुशवाहा के साथ मिलकर राजा की हत्या के लिए पांच योजनाएं बनाई थीं। इनमें से चौथी योजना में वह सफल रही, जब मेघालय के सोहरा (चेरापूंजी) में हनीमून के बहाने राजा की हत्या कर दी गई।
सोनम और उसके साथियों ने शादी से पहले ही तीन बार राजा को मारने की कोशिश की थी, लेकिन हर बार वह बच निकलता था। यदि चौथी बार भी हत्या सफल नहीं होती, तो सोनम और राज ने पांचवीं योजना भी तैयार कर रखी थी। इस योजना के तहत, वे राजा को शिलांग से करीब 80 किलोमीटर दूर डावकी ले जाने वाले थे, जो बांग्लादेश सीमा के पास स्थित है। आरोपियों की साजिश थी कि वहां उमनगाट नदी के किनारे राजा को घुमाने के बहाने ले जाकर उसकी हत्या कर शव को नदी में बहा देंगे।
विशेष जांच दल (SIT) ने शुक्रवार को सोनम और उसके चार साथियों से गहन पूछताछ की। पूछताछ के दौरान इस पांचवीं साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस ने पांचों आरोपियों को अलग-अलग थानों के लॉकअप में रखा है ताकि वे आपस में संपर्क न कर सकें और कोई नई कहानी न गढ़ सकें। सोनम को महिला सेल में रखा गया है। पुलिस का कहना है कि यह हत्याकांड बेहद सुनियोजित था और अब तक सामने आए तथ्य इस केस को और जटिल बनाते जा रहे हैं। जांच अभी जारी है।





