रायपुर को मिलेंगे 7 नए ओवरब्रिज, ट्रैफिक जाम और हादसों से मिलेगी राहत

रायपुर। रायपुर शहर की 25 लाख से ज्यादा आबादी के लिए बड़ी राहत की खबर है। पहली बार शहर में एक साथ 7 नए ओवरब्रिज बनाने का फैसला लिया गया है। इसके लिए बजट मंजूर हो चुका है और लोक निर्माण विभाग (PWD) ने सभी फ्लाईओवर एक साल में तैयार करने का लक्ष्य तय किया है। जिन जगहों पर ट्रैफिक जाम और हादसे सबसे ज्यादा होते हैं, वहां ओवरब्रिज बनाए जाएंगे।

सबसे पहले कालीबाड़ी चौक से पुलिस लाइन गेट और अमलीडीह चौक से द्रोणाचार्य स्कूल तक ओवरब्रिज बनेंगे। वहीं, गुढ़ियारी के शुक्रवारी बाजार से स्टेशन की ओर जाने वाली सड़क को एक्सप्रेस-वे से जोड़ने के लिए भी फ्लाईओवर बनाया जाएगा। कालीबाड़ी से पुलिस लाइन तक बनने वाला ओवरब्रिज 1.5 किमी लंबा होगा और इसकी लागत 50 करोड़ रुपये है। यहां प्रतिदिन 35 हजार से ज्यादा वाहन गुजरते हैं।

फुंडहर चौक से टेमरी तक 700 मीटर लंबा फ्लाईओवर बनेगा जिसकी लागत 30 करोड़ रुपये होगी। इससे एयरपोर्ट जाने वालों को जाम से राहत मिलेगी। अमलीडीह चौक से द्रोणाचार्य स्कूल तक 40 करोड़ रुपये का ओवरब्रिज केनाल लिंकिंग रोड पर बनाया जाएगा।

इसके अलावा मोवा में खालसा स्कूल से रिलायंस मार्ट तक 135 करोड़ का, भनपुरी चौक पर 40 करोड़ का और खारुन नदी पर रायपुर-पाटन को जोड़ने वाला 60 करोड़ का ओवरब्रिज बनाने की योजना है। पीडब्ल्यूडी मंत्री अरुण साव ने कहा कि यह प्रोजेक्ट रायपुर की छवि को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निखारेगा और शहरवासियों को ट्रैफिक जाम व हादसों से राहत मिलेगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button