रायपुर: क्रेडिट कार्ड डिलीवरी के नाम पर बढ़ रही ठगी

रायपुर। इन दिनों क्रेडिट कार्ड डिलीवरी के नाम पर ठगी के कई मामले सामने आ रहे हैं। ठग नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को शिकार बना रहे हैं और उनके नाम से धोखाधड़ी कर रहे हैं।
क्रेडिट कार्ड एक ऐसा कार्ड होता है जिससे आप उधारी में खरीदारी कर सकते हैं और बाद में बैंक को भुगतान करते हैं। लेकिन इसी सुविधा का फायदा उठाकर ठग लोगों को झांसे में ले रहे हैं।
कैसे करते हैं ठगी:
ठग खुद को बैंक का कर्मचारी बताकर फोन करते हैं और कहते हैं कि “आपका क्रेडिट कार्ड डिलीवरी के लिए तैयार है।”
वे कार्ड के फायदे बताते हैं और भरोसा दिलाते हैं कि आपको जल्दी कार्ड मिल जाएगा।
इसके बाद एक फर्जी मैसेज भेजते हैं जो असली बैंक की तरह दिखता है।
जब कार्ड डिलीवर होता है, वे फिर से कॉल कर OTP मांगते हैं, ताकि कार्ड एक्टिवेट किया जा सके।
जैसे ही आप OTP बताते हैं, ठग कार्ड को एक्टिवेट कर आपके नाम से शॉपिंग शुरू कर देते हैं।
कुछ ठग सीधे डिलीवरी एजेंट बनकर घर आ जाते हैं और आधार, पैन कार्ड और OTP मांगते हैं। इसके बाद आपके दस्तावेज़ों का गलत इस्तेमाल कर नया कार्ड निकाल लेते हैं।
कुछ मामले ऐसे भी आए हैं जहाँ SMS या WhatsApp पर एक लिंक भेजा जाता है, जिसमें लिखा होता है – “आपका कार्ड डिलीवरी में है, ट्रैक करने के लिए यहां क्लिक करें।”
जैसे ही लोग उस लिंक पर क्लिक करते हैं, उनका डेटा चोरी हो सकता है या मोबाइल में वायरस आ सकता है।
कैसे बचें इस ठगी से:
किसी को भी OTP या पर्सनल जानकारी न दें।
अगर बैंक से कॉल आए तो पहले खुद बैंक से उसकी पुष्टि करें।
डिलीवरी एजेंट से उसका पहचान पत्र जरूर मांगे और बैंक से जांच करवाएं।
किसी भी अनजान लिंक या SMS पर क्लिक न करें।
क्रेडिट कार्ड की जानकारी या डिलीवरी स्टेटस सिर्फ बैंक की ऑफिशियल वेबसाइट या ऐप से ही चेक करें।
सावधानी ही सुरक्षा है – सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।





