देशभर में बारिश का दौर जारी: दिल्ली-NCR में राहत, उत्तराखंड में रेड अलर्ट

दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसूनी बारिश ने रफ्तार पकड़ ली है। राजस्थान में अब तक सामान्य से 109% अधिक बारिश दर्ज की गई है। अजमेर, पुष्कर, बूंदी, सवाई माधोपुर समेत कई शहरों में पानी भरने से जनजीवन प्रभावित है।
दूसरी ओर, दिल्ली-NCR के लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को दिल्ली और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। साथ ही पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी बारिश के आसार हैं।
उत्तर प्रदेश के लिए मौसम विभाग ने 20 से 22 जुलाई तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। खासकर सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर और मेरठ जैसे जिलों में भारी बारिश की संभावना है।
बिहार के भी कई हिस्सों में शनिवार और रविवार को मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी गई है। तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। पश्चिम बंगाल में भी बारिश का सिलसिला शुरू हो चुका है और 22 जुलाई से इसमें तेजी आने की उम्मीद है।
उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र में भारी बारिश को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून, टिहरी और पौड़ी में भी तेज बारिश की चेतावनी दी गई है।
मुंबई में रविवार शाम और सोमवार को बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं, दक्षिण भारत में केरल के उत्तरी जिलों—कासरगोड, कोझिकोड, कन्नूर और वायनाड में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।





