शहडोल में रेलवे की मॉक ड्रिल: धमाका, आग और राहत का रिहर्सल

शहडोल रेलवे स्टेशन यार्ड में आज एक अनोखा नज़ारा देखने को मिला। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल ने यहां एक बड़ी मॉक ड्रिल का आयोजन किया, जिसमें ट्रेन हादसे के दौरान राहत और बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया।
इस अभ्यास में एक काल्पनिक स्थिति बनाई गई, जिसमें एक यात्री ट्रेन के कोच में बम विस्फोट होता है, आग लग जाती है और कई यात्री घायल हो जाते हैं। एक की मौत और 14 के गंभीर घायल होने की स्थिति को दिखाया गया। इसी बीच एक संदिग्ध पार्सल मिलने पर RPF और पुलिस ने डॉग स्क्वॉड की मदद से बम को सफलतापूर्वक निष्क्रिय किया।
रेलवे की आपदा प्रबंधन टीम, NDRF, सिविल डिफेंस, फायर ब्रिगेड, चिकित्सा विभाग और अन्य एजेंसियों ने मिलकर राहत कार्यों को अंजाम दिया। घायलों को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर रेलवे अस्पताल पहुंचाया गया और कोच में लगी आग को बुझाने का सजीव प्रदर्शन भी किया गया।
मुख्यालय और मंडल स्तर के अधिकारियों ने पूरे अभ्यास की निगरानी की। यात्रियों की मदद के लिए स्टेशनों पर हेल्पलाइन और “May I Help You” बूथ लगाए गए। स्थानीय लोगों को आपदा के समय बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई।
इस संयुक्त अभ्यास में रेलवे के कई विभागों के साथ-साथ स्काउट-गाइड, सेंट जॉन्स एम्बुलेंस और मीडिया का भी सहयोग रहा। मौके पर कई वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक भी मौजूद थे।





